मुंबई में हीट वेब ने बढ़ाई परेशानी, ठाणे का तापमान 42 पार, भीषण गर्मी के बीच महाराष्ट्र मौसम विभाग की चेतावनी

मुंबई: हीट वेव चली और मुंबई महानगर समेत आसपास के क्षेत्र गर्मी से तप उठे। उपनगर के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने मुंबईकरों को पहले ही हीट वेब को लेकर चेताया था। दक्षिण मुंबई में फिर भी थोड़ी राहत थी, लेकिन उपनगरों में गर्मी से लोगों की हालत खराब हो गई। मौसम विभाग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सबसे अधिक दिन का तापमान मुलुंड में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसके बाद गोरेगांव में 40.5 डिग्री सेल्सियस और घाटकोपर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दक्षिण मुंबई में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को उपनगरों का औसतन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि मुंबई में ऐंटिसाइक्लोन बना हुआ है, जिसके चलते अरब सागर से शहर की ओर आनेवाली हवाएं सेट नहीं हो पा रही हैं। इससे तापमान में वृद्धि हो रही है।

ठाणे @42 डिग्री सेल्सियस

मुंबई से सटे ठाणे में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मीरा रोड में रविवार को तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंबई और आसपास के इलाकों में दिन तो दिन, रात में भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही है। रविवार को मुंबई का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगड में अलर्ट जारी

क्षेत्रीय मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, तापमान लगभग इसी प्रकार का बना रहेगा।

बहुत ज़रूरी होने पर ही निकलें बाहर

मुंबई और एमएमआर में पड़ रही गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। शरीर में पानी की कमी कर देने वाली गर्मी लोगों के स्वास्थ्य को काफी प्रभावित कर सकती है। जेजे अस्पताल के यूनिट हेड डॉ. मधुकर गायकवाड ने बताया कि जितना हो सके, धूप में जाने या प्रवास करने से बचें। इस दौरान कॉटन के कपड़े पहनें, सिर को ढकें और पानी पीते रहें। अगर किसी ज़रूरी काम से बाहर जाना भी पड़े तो सिर, चेहरा ढंककर निकलें और साथ में पानी की बोतल जरूर रखें।

हो सकती है फूड पॉइजनिंग

गर्मी के कारण लोग हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकते हैं। हीट स्ट्रोक के चलते मौत भी हो सकती है। इसके अलावा अधिक समय तक धूप में रहने से हार्ट पर अधिक प्रेशर आने से दिल का दौरा भी पड़ सकता है। पसीने से चर्म रोग होने का खतरा भी बना रहता है। धूप में अधिक समय तक रहने से चमड़ी झुलस भी सकती है। इसके अलावा सीधे धूप के संपर्क में आने से सिर दर्द, क्रैंप, थकान, चक्कर आने जैसी स्वास्थ्य समस्याएं आम हैं। गर्मी में डायरिया और फूड पॉइजनिंग की समस्या भी आम है। इसलिए बाहर के बर्फ युक्त पदार्थ का सेवन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *