नाना पाटेकर का निधन, 75 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
गोवा: हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन हो गया। 75 वर्षीय नाना पाटेकर की तबीयत गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके फ्लैट में अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद तत्काल मेडिकल टीम को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल टीम के पहुंचने तक नाना पाटेकर की हालत गंभीर थी और उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। चिकित्सकों ने मौके पर ही उन्हें कार्डियाक मसाज और सीपीआर देने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें तत्काल मणिपाल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने के लिए उपचार और सीपीआर के माध्यम से प्रयास किए। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामला मेडिको-लीगल केस होने के कारण नाना पाटेकर के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही उनके निधन के सटीक चिकित्सकीय कारण की पुष्टि हो सकेगी।
नाना पाटेकर भारतीय फिल्म जगत के सबसे प्रभावशाली कलाकारों में गिने जाते थे। उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
अभिनय के अलावा नाना पाटेकर ने निर्देशन में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने ‘प्रहार: द फायनल अटैक’ फिल्म का निर्देशन किया था। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया तथा पद्मश्री से भी नवाजा गया।
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे बहुआयामी कलाकार को खो दिया, जिसकी अभिनय शैली और दमदार व्यक्तित्व की अपनी अलग पहचान थी।
नाना पाटेकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।