पनवेल: पनवेल के कामोठे सेक्टर-22 में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ महानगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई की है। एल.के. विवांता इमारत के चार अनधिकृत मंजिलों पर तोड़क कार्रवाई करते हुए करीब 80 अवैध सदनिकाओं को तोड़ा गया।
कामोठे सेक्टर-22 स्थित भूखंड नंबर 73 और 74 पर बनी एल.के. विवांता इमारत में स्वीकृत 11 मंजिलों के अतिरिक्त 12वीं से 15वीं मंजिल तक चार मंजिलों का निर्माण बिना अनुमति किया गया था।
महानगरपालिका के मुताबिक, संबंधित निर्माणधारक को पहले नोटिस देकर काम रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण जारी रहने पर आज महानगरपालिका ने कार्रवाई की।
इमारत की ए और बी विंग में इन चार अनधिकृत मंजिलों पर कुल 80 सदनिकाएं बनाई गई थीं, जिन पर कार्रवाई की गई।
संबंधित कंपनी ने हाईकोर्ट से स्थगन की मांग की थी, लेकिन हाईकोर्ट की ओर से कोई स्थगन आदेश नहीं मिलने के बाद महानगरपालिका ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त महेशकुमार मेघमाळे, उपायुक्त रविकिरण घोडके, सहायक आयुक्त डॉ. रुपाली माने, अनधिकृत निर्माण विभाग प्रमुख अमर पाटील और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और बिना अनुमति या मंजूर नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
