नांदेड़, 11 अप्रैल : आज सुबह नांदेड़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे नागरिकों में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। अचानक धरती हिलने का एहसास होते ही कई लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले में दर्ज किया गया है और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 मापी गई। यह भूकंप सुबह 8 बजकर 45 मिनट 23 सेकंड पर आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई जा रही है।
नांदेड़ शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए गए। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
संवाददाता
राहुल सरपाते की रिपोर्ट
नांदेड़