लखनऊ: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बाराबिरवा सब्जी मंडी के पास एलडीए परिसर स्थित एक दुकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास की करीब 20 से 25 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
दुकानदारों में मची भगदड़, सिलिंडर लेकर भागे लोग
आग लगते ही मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी जान बचाने के साथ-साथ दुकानों में रखे गैस सिलिंडरों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। स्थिति इतनी भयावह थी कि अगर समय रहते सिलिंडर नहीं हटाए जाते, तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।
8 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, देर रात तक चला रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही आलमबाग, सरोजनी नगर और पीजीआई समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत तीन दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
फल की दुकान से लगी आग
सीएफओ अंकुश मित्तल के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग एक फल की दुकान से शुरू हुई थी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि गैस सिलिंडर ब्लास्ट के कारण आग तेजी से फैली और पूरी सब्जी मंडी को अपनी चपेट में ले लिया।
नुकसान का आकलन शुरू, जांच जारी
फिलहाल फायर विभाग और प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। साथ ही प्रभावित दुकानों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस भीषण आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।