हरियाणा चुनाव नतीजों से महाराष्ट्र बीजेपी को मिला बूस्टर, कॉन्फिडेंस हाई और बढ़ा महायुति की जीत का भरोसा

मुंबई : हरियाणा विधानसभा चुनाव रिजल्ट ने महाराष्ट्र में बीजेपी को बूस्टर दिया है। तमाम बाधाओं के बावजूद बीजेपी की हरियाणा में शानदार जीत हुई है। अब महाराष्ट्र इकाई को अब पूरा भरोसा है कि उनकी पार्टी यहां भी सत्ता में वापसी करेगी। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद महाराष्ट्र में बीजेपी का मनोबल कुछ डाउन हुआ था लेकिन अब फिर बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। वहीं कांग्रेस और उद्धव ठाकरे शिवसेना ने दावा किया है कि हरियाणा चुनाव रिजल्ट का कोई असर महाराष्ट्र पर नहीं पड़ेगा। महाराष्ट्र की राजनीति अलग है।हरियाणा में भाजपा ने सत्ता की हैट्रिक लगाई है जबकि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़े को हासिल कर लिया है।

‘जनता ने कांग्रेस को नकारा’

हरियाणा नतीजों का जश्न मनाते हुए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘विपक्ष के झूठे बयानों के कारण लोकसभा चुनाव में हमें कम सीटें मिलीं… हालांकि, हम स्पष्ट थे कि इस तरह का अभियान केवल एक बार ही काम करेगा… उन्होंने (विपक्ष) अग्निवीर जैसे नकारात्मक अभियान चलाए, खिलाड़ियों को लाया और लोगों को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की। हालांकि, अंत में लोगों ने इन सबको नकार दिया और मोदी जी के विकास के विजन को अपनाया। हरियाणा में जो हुआ, वह महाराष्ट्र में भी होगा।’

क्या बोले देवेंद्र फडणवीस

फडणवीस ने कहा कि ‘मूर्ख लोग’ जो मानते थे कि कांग्रेस सत्ता में आएगी, वे धरातल पर आ गए हैं। जब से राहुल गांधी विपक्ष के नेता बने हैं, हरियाणा ने आज उन्हें पहली सलामी दी है, महाराष्ट्र भी उनका अनुसरण करेगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत) के कई नेता और यहां तक कि भाजपा के नेता भी पार्टी छोड़कर विपक्ष में शामिल हो गए थे, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि विपक्ष सत्ता में आएगा।

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘वे (कांग्रेस) उत्साहित थे कि वे सत्ता में वापस आएंगे। उन्हें सत्ता में वापस आने का पूरा भरोसा था। वे सिर्फ बातें करते हैं। वे कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे।’

बावनकुले बोले- हरियाणा की तरह महाराष्ट्र में मिलेगी जीत

महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पार्टी की संभावनाओं के बारे में आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन शानदार जीत हासिल करेगा। बावनकुले ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के हमारे दृष्टिकोण ने मतदाताओं को प्रभावित किया है, जिसके परिणामस्वरूप व्यापक जीत मिली है।’ उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संयुक्त राज्य अमेरिका में आरक्षण पर हाल की टिप्पणियों पर भी निशाना साधा, तथा तर्क दिया कि वे कांग्रेस के आरक्षण विरोधी रुख को उजागर करते हैं।

कांग्रेस बोली- महाराष्ट्र की राजनीतिक सीन अलग

वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि हरियाणा चुनाव के नतीजों का महाराष्ट्र में कोई असर नहीं होगा और पार्टी कार्यकर्ता उत्तरी राज्य के चुनाव परिणामों से हतोत्साहित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एमवीए एकजुट होकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार को हराएगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट से कांग्रेस का मनोबल नहीं टूटा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में राजनीतिक परिस्थितियां पूरी तरह से अलग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *