प्रचंड बहुमत से तीसरी बार बनेगी मोदी सरकार : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। आजादी के बाद पहली बार किसान किसी सरकार के एजेंडे में शामिल हुआ है। भाजपा किसान मोर्चा की ग्राम परिक्रमा योजना घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाएगी।
मुजफ्फनगर जनपद के शुकतीर्थ में सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा की ग्राम परिक्रमा यात्रा का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभारंभ किया। इसके बाद किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों का इंतजार करते हुए किसान अपने साथ राम नाम लेकर चलते थे। अब वह इंतजार समाप्त हो चुका है और अयोध्या धाम में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। रामलला का पुण्य आगमन हो चुका है और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया गया है। प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न सम्मान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ हमारा पवित्र धाम है। यहां से भाजपा किसान मोर्चा की ग्राम परिक्रमा यात्रा शुरू हो रही है। पांच हजार साल पहले शुकदेव महाराज ने श्रीमदभागवत महापुराण की कथा सुनाई थी। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित यह कथा जीवन धन्य करती है। मां गंगा की धारा शुकतीर्थ से गुजर रही है। डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा का वायदा किया था और उसे पूरा किया है। 2017 से पहले इस क्षेत्र में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर की स्थिति बहुत भयावह थी। सात वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ। दंगामुक्त वातावरण बना रहे, इसीलिए ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया गया है।

योगी आदितयनाथ ने कहा कि गन्ना किसानों का भुगतान समय से कराया जा रहा है। पिछले सत्र का लगभग शतप्रतिशत भुगतान हो चुका है। 105 चीनी मिल दस दिन से भी कम समय में गन्ना भुगतान कर रही है। अन्य चीनी मिल भी समय से भुगतान करने में लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा, वह करके दिखाया है। गन्ना किसानों के जीवन में भी परिवर्तन आया है। निजी नलकूपों का बिजली बिल मुफ्त है। बिजली भी मिल रही है और पानी भी फ्री में मिलेगा। 2400 करोड़ रुपए बिजली बिल के लिए किया गया है। नलकूपों पर सोलर पैनल लगाने की योजना चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार किसान किसी सरकार के एजेंडे का हिस्सा बना है। एक जिला, एक उत्पाद का ऑर्गेनिक गुड़ देश-दुनिया में निर्यात हो रहा है। सरधना में खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। एशियाड में स्वर्ण पदक जीतने वालों को डिप्टी एसपी का पद दिया जा रहा है। पहली सरकारें भाई-भतीजावाद में नौकरी देती थी। अब बिना भेदभाव के नौकरियां मिल रही है। युवाओं की बिना भेदभाव के नौकरियों में भर्ती होगी।

उन्होंने कहा कि नौ संकल्पों के साथ ग्राम परिक्रमा यात्रा शुरू होगी। किसान मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर प्रत्येक घर से संवाद बनाकर लाभार्थी किसानों की कहानी को अन्य लोगों से कहेंगे। वंचित किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसमें जल संरक्षण के लिए, ग्राम स्तर पर डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देना, स्वच्छता अभियान को लेकर, वोकल फॉर लोकल, घरेलू पर्यटन (ग्राम तीर्थ), जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, किसानों की आय कई गुना बढ़ाने को मोटे अनाज की खेती को प्रोत्साहित करना, आर्थिक रूप से वंचितों को मदद देने का संकल्प लेकर यह यात्रा चली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, एमएसपी का दाम घोषित किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ किसानों को मिल रहा है। करोड़ों किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित हो रहे हैं। किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किसान मोर्चा आपके पास आया है। संकल्प पत्र में आने वाली योजनाओं के सुझाव भी इकट्ठा किए जाएंगे। किसानों, गरीबों, वंचितों, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं को उन तक पहुंचाया जाएगा। तीसरी बार भाजपा सरकार को बनाने का कार्य कार्यकर्ता करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *