फिर हीट वेव की चपेट में आ सकती है मुंबई, ठाणे में लू का अलर्ट, जानें मौसम विभाग की चेतावनी

मुंबई: मुंबईकरों को एक बार फिर हीट वेव का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार आगामी रविवार और सोमवार को मुंबई में हीट वेव चलेगी। पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले हीट वेव और उमस भरी गर्मी से मुंबईकरों को अभी राहत मिली ही थी कि एक और हीट वेव आने का अंदेशा क्षेत्रीय मौसम विभाग ने जताया है। 27 से 29 अप्रैल के बीच मुंबई के दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा। क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक सुनील कांबले ने बताया कि मुंबई के निकट में एक एंटीसाइक्लोन तैयार हो रहा है, जिसके चलते हवा के बहाव का पैटर्न बदलेगा। अरब सागर से आनेवाली हवाएं सेट नहीं हो पाएंगी और उत्तर पूर्वी हवाओं का बहाव पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिसके चलते तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि इसी बीच हवा के पैटर्न में कोई बदलाव आता है, तो हीट वेव नहीं भी आ सकती है। वहीं महाराष्ट्र के कई इलाकों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमस का स्तर दिन में 54 फीसदी और रात में 72 फीसदी तक पहुंच गया था। आईएमडी के निदेशक सुनील कांबले ने बताया कि क्लाइमेट चेंज के कारण मौसम का पैटर्न काफी प्रभावित हो रहा है। पिछले 30 वर्षों में मुंबई का तापमान में वृद्धि हुई है।

27 से 29 अप्रैल इन इलाकों के लिए अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के ठाणे और मुंबई के कई हिस्सों में 27 से 29 अप्रैल तक लू का अलर्ट जारी किया है। IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बुधवार को बताया कि 27 और 28 अप्रैल को तापमान काफी ज्यादा रहने का अनुमान है। मुंबई और पड़ोसी क्षेत्र के लिए इस माह जारी किया गया यह लू का दूसरा अलर्ट है। मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में 15 और 16 अप्रैल को भीषण गर्मी थी। नवी मुंबई के कई हिस्सों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *